फुट ओवरब्रिज पर बढ़ा दबाव, जल संसाधन विभाग ने किया अलर्ट
रविवार की शाम लेजर शो शुरू होने के बाद देवघाट और आसपास के इलाकों में लोगों की संख्या तेजी से बढ़ी। इसका सीधा असर गया जी डैम के फुट ओवरब्रिज पर पड़ा। लोगों की भारी मौजूदगी से पुल पर दबाव बढ़ गया।
सोमवार को जल संसाधन विभाग, गया की ओर से फुट ओवरब्रिज पर भीड़ के अत्यधिक दबाव को लेकर अलर्ट किया गया। इसके बाद जनसुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम ने लेजर शो को फिलहाल रोकने का फैसला लिया।
लेजर शो बना आकर्षण, शाम होते ही उमड़ रही थी भीड़
पितृपक्ष के दौरान देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गयाजी पहुंच रहे हैं। देवघाट पिंडदान और धार्मिक गतिविधियों का प्रमुख स्थल होने के साथ लेजर शो के कारण शाम के समय लोगों के लिए अतिरिक्त आकर्षण का केंद्र बन गया था।
शो देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग एक साथ पहुंच रहे थे। इससे देवघाट और फुट ओवरब्रिज क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन चुनौती बन गया। प्रशासन ने किसी तरह का जोखिम लेने के बजाय शो को ही स्थगित करने का निर्णय लिया।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर नहीं लिया जोखिम
नगर निगम की ओर से जारी सूचना में कहा गया कि रविवार शाम लेजर शो के दौरान देवघाट एवं गया जी डैम के फुट ओवरब्रिज पर अप्रत्याशित भीड़ और अत्यधिक दबाव की स्थिति उत्पन्न हुई। ऐसी स्थिति में लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए लेजर शो को अगले आदेश तक स्थगित किया गया है।
कब शुरू होगा शो, समीक्षा के बाद होगा फैसला
फिलहाल देवघाट पर लेजर शो का आयोजन नहीं होगा। इसे दोबारा शुरू करने का निर्णय प्रशासनिक स्तर पर स्थिति की समीक्षा के बाद लिया जाएगा। फुट ओवरब्रिज की क्षमता, श्रद्धालुओं की आवाजाही और भीड़ नियंत्रण समेत सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं का आकलन किया जाएगा।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भीड़ वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से जमा न हों और जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। पितृपक्ष में लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच देवघाट की घटना ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि धार्मिक आयोजन के साथ भीड़ प्रबंधन और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देना जरूरी है।
Continue With Google
Comments (0)