गया लाइव डेस्क। गया जिले में दुर्गा पूजा के अवसर पर शांति और सुरक्षा व्यवस्था को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। डीएम शशांक शुभंकर और एसएसपी सुशील कुमार की अध्यक्षता में जिला स्तर पर विभिन्न पूजा आयोजन समितियों और शांति समिति के सदस्यों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

  • बैठक में सभी पूजा पंडाल आयोजकों को सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष निर्देश दिए गए।
  • राज्य सरकार की नीति के अनुसार, कहीं भी शांति व्यवस्था भंग न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाएगा।
  • रावण दहन कार्यक्रम के आयोजन स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, एंट्री व एग्जिट गेट, और सीसीटीवी कैमरों की निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।
  • सभी प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त रोशनी और बिजली की सुरक्षित व्यवस्था की जाएगी।
  • सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखी जाएगी ताकि कोई आपत्तिजनक कंटेंट न फैले।

सख्त निर्देश और चेतावनियां:

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि बिना लाइसेंस के कोई भी मूर्ति स्थापित नहीं की जाएगी। पूजा पंडालों में आग से बचाव के उपाय और भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त वोलिएंटर्स को रखना अनिवार्य होगा। पुलिस प्रशासन द्वारा पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी और डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। किसी भी प्रकार की हुरदंगबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और अनुचित कार्यों में लिप्त पाए जाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रद्धालु निर्भीक होकर त्यौहार का आनंद लें, प्रशासन पूरी तत्परता से शांति बनाए रखने के लिए तैयार है। सभी आयोजन समितियों से आग्रह है कि वे सुरक्षा और शांति व्यवस्था के प्रति जागरूक रहें ताकि यह पर्व सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।