गया लाइव डेस्क। गया ग्रामीण प्रमंडल में पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक कार्यपालक विद्युत अभियंता श्री विनोद कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य योजना के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा करना था। बैठक में सहायक विद्युत अभियंता, कनीय विद्युत अभियंता एवं पंजीकृत सोलर वेंडर उपस्थित रहे। योजना के तहत सोलर संयंत्रों की स्थापना में तेजी लाने और उपभोक्ताओं को योजना का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के संबंध में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
- विगत एक माह में 167 सोलर आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 17 उपभोक्ताओं के घरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्र सफलतापूर्वक स्थापित किए गए हैं।
- लंबित आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए आ रही बाधाओं की पहचान कर उनके समाधान का निर्देश दिया गया।
- सोलर वेंडरों को निर्देश दिया गया कि वे उपभोक्ताओं के यहां निर्धारित समय-सीमा के भीतर सोलर सामग्री की आपूर्ति एवं स्थापना का कार्य पूरा करें।
- नेट मीटरिंग की प्रक्रिया को तेज करने के लिए स्थापित सोलर संयंत्रों की जानकारी पोर्टल पर शीघ्र अपलोड करने का निर्देश दिया गया।
- योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और पात्र उपभोक्ताओं को आवेदन प्रक्रिया एवं सब्सिडी की जानकारी उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
- उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
- योजना की प्रगति की नियमित समीक्षा करने और विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं सोलर वेंडरों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया।
कार्यपालक विद्युत अभियंता श्री विनोद कुमार ने जोर दिया कि योजना के लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए सभी संबंधित पक्षों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करना आवश्यक है।
इस समीक्षा बैठक में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के महत्व पर प्रकाश डाला गया। श्री कुमार ने कहा कि अधिकाधिक पात्र परिवारों को रूफटॉप सोलर सुविधा से जोड़ना हमारा लक्ष्य है, जिससे न केवल ऊर्जा की बचत होगी, बल्कि पर्यावरण को भी संरक्षित किया जा सकेगा।
Continue With Google
Comments (0)