गयाजी। आगामी पितृपक्ष महासंगम में देश-विदेश से गयाजी आने वाले तीर्थयात्रियों की सेवा और सुविधा को लेकर प्रशासन के साथ-साथ शहर की स्वयंसेवी संस्थाएं भी अभी से जुट गई हैं। इसी कड़ी में डॉ. राजेंद्र प्रसाद स्कॉलरशिप एवं वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से गयाजी संवास सदन को छह व्हील चेयर उपलब्ध कराई गईं। ट्रस्ट के द्वितीय स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित सादे समारोह में जिलाधिकारी शशांक शुभंकर के करकमलों से संवास सदन के सचिव अंकुर जी को छह व्हील चेयर सौंपी गईं।

समारोह के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने कहा कि पितृपक्ष मेला के दौरान प्रशासन के साथ सामाजिक संस्थाओं और आम लोगों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण रहता है। उन्होंने कहा कि पितृपक्ष मेला में प्रशासन से ज्यादा सामाजिक लोग सहयोग करते हैं। सामाजिक संस्थाओं की ओर से की जाने वाली ऐसी पहल तीर्थयात्रियों और श्रद्धालुओं के लिए काफी उपयोगी साबित होती है।

ट्रस्ट के अध्यक्ष मुकेश वर्मा ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि यह ट्रस्ट का सौभाग्य है कि जिलाधिकारी शशांक शुभंकर जैसे अधिकारी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हैं। उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी आम लोगों के लिए सहज और सुलभ हैं तथा भ्रष्टाचार के प्रति कठोर रुख रखते हैं। मृदुभाषी होने के साथ-साथ वे विधि के अनुरूप त्वरित निर्णय लेने के लिए भी जाने जाते हैं। उनके कार्यों और प्रेरणा से ट्रस्ट को समाजहित में सहयोग करने की प्रेरणा मिलती है।

उन्होंने बताया कि पितृपक्ष के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इससे पहले 21 जून को गया रेलवे स्टेशन को भी ट्रस्ट की ओर से पांच व्हील चेयर उपलब्ध कराई गई थीं। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट का मुख्य उद्देश्य मेधावी लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए कोचिंग एवं आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही ट्रस्ट समय-समय पर विभिन्न सामाजिक कार्यों में भी अपनी भूमिका निभाता रहा है।
समारोह के दौरान शिक्षक दिवस के महत्व को ध्यान में रखते हुए शिक्षा के क्षेत्र में योगदान देने वाले शिक्षकों को भी ट्रस्ट की ओर से सम्मानित किया गया। ट्रस्ट की ओर से शिक्षकों को सम्मानित कर उनके योगदान के प्रति आभार जताया गया।

धन्यवाद ज्ञापन ट्रस्टी गौरव सिन्हा ने किया। उन्होंने समारोह में उपस्थित अतिथियों, संवास सदन के पदाधिकारियों, ट्रस्ट के सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सेवा और तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए ट्रस्ट आगे भी अपनी जिम्मेदारी निभाता रहेगा।

समारोह में ट्रस्ट के ट्रस्टी सुनील सिन्हा, बीरेन्द्र सिन्हा, नवीन बिहारी, राजेश सहाय, प्रभात शंकर, गौरव सिन्हा, संदीप सिन्हा, प्रो. रंजीत वर्मा, डॉ. डीके सिन्हा, डॉ. अभय सिम्भा सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। ट्रस्ट के सदस्य उपेन्द्र सिन्हा, विभूति भूषण, प्रमोद कुमार सिन्हा एवं रिंकू सिन्हा का भी आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान रहा।