गया लाइव डेस्क। डेल्हा थाना क्षेत्र में रविवार रात अपराधियों ने प्रार्थना सभा से घर लौट रहे विकास मित्र शंकर मांझी (45) की गोली मारकर हत्या कर दी। बैरागी महादेव स्थान बगीचा के पास घात लगाए अपराधियों ने शंकर को निशाना बनाकर तीन गोलियां दागीं। गोली लगने से उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के समय उनकी पत्नी कविता देवी भी साथ थीं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने परिजनों के शक के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है। सीसीटीवी फुटेज खंगालकर हमलावरों की पहचान की जा रही है।
पत्नी से 10 कदम आगे चल रहे थे शंकर, तभी चली गोलियां
परिजनों के अनुसार शंकर मांझी अपनी पत्नी कविता देवी के साथ जनता कॉलोनी में ईसा मसीह की प्रार्थना सभा में शामिल होने गए थे। रात में दोनों पैदल घर लौट रहे थे। शंकर अपनी पत्नी से करीब 10 कदम आगे चल रहे थे। जैसे ही वे बैरागी महादेव स्थान बगीचा के पास पहुंचे, घात लगाए अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी।
अचानक गोलियां चलने से कविता कुछ समझ पातीं, उससे पहले शंकर जमीन पर गिर पड़े। परिजनों के मुताबिक उन्हें पेट में दो और माथे में एक गोली लगी। गोली लगते ही उनकी मौत हो गई।
मौके से तीन खोखे बरामद, एफएसएल करेगी जांच
घटना की सूचना मिलते ही डेल्हा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सिटी एसपी अभिनव कुमार और डीएसपी धर्मेंद्र भारती ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मौके से तीन खोखे बरामद किए हैं। घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों को भी सुरक्षित किया गया है। एफएसएल टीम वैज्ञानिक तरीके से घटनास्थल की जांच करेगी।
पत्नी ने रघु-बंटी समेत कई लोगों पर लगाया आरोप
कविता देवी ने पुलिस को बताया कि गोली चलाने वालों में रघु को वह पहचान सकती हैं। उन्होंने सुनीता देवी और गोपाल पासवान पर भी हत्या की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया। पत्नी के अनुसार, बंटी, रघु समेत तीन-चार लोगों ने मिलकर शंकर पर हमला किया।
कविता का कहना है कि शंकर की कुछ लोगों से पुरानी दुश्मनी थी। वह मोहल्ले में गलत गतिविधियों का विरोध करते थे और लोगों को समझाते थे। इसी वजह से कुछ लोग उनसे नाराज थे।
शराब और गलत गतिविधियों के विरोध का भी जिक्र
कविता देवी ने आरोप लगाया कि सुनीता देवी मोहल्ले में बाहर से लोगों को बुलाकर रखती थीं और शराब से जुड़ी गतिविधियां भी होती थीं। शंकर इन गतिविधियों का विरोध करते थे। इसी को लेकर कुछ लोगों के साथ उनका विवाद और पुरानी रंजिश होने का आरोप है। हालांकि, पत्नी द्वारा लगाए गए इन आरोपों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है।
दो हिरासत में, सीसीटीवी से हमलावरों की तलाश
सिटी एसपी अभिनव कुमार ने बताया कि रात करीब नौ बजे शंकर मांझी को गोली मारे जाने की सूचना मिली थी। परिजनों के शक के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटनास्थल से पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
एसपी के अनुसार हत्या के पीछे पुरानी रंजिश समेत सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी चल रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हत्याकांड का खुलासा कर दिया जाएगा।
प्रार्थना से लौट रहे विकास मित्र को घेरा, तीन गोलियां मारकर हत्या
Continue With Google
Comments (0)