गयाजी। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शहर के राय काशीनाथ मोड़ स्थित एक निजी होटल में विमेन विंग्स ऑफ सोशल डेवलपमेंट सोसाइटी के तत्वावधान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में महिलाएं शामिल हुईं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गया नगर निगम के मेयर वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान एवं पूर्व डिप्टी मेयर ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों महिलाओं ने मेयर और पूर्व डिप्टी मेयर को भाई मानकर उनकी कलाई पर राखियां बांधीं। देखते ही देखते दोनों के हाथों पर सैकड़ों राखियां सज गईं। महिलाओं ने दोनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। इस अवसर पर मेयर गणेश पासवान ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र रिश्ते, प्रेम और विश्वास का पर्व है। आज इतनी बड़ी संख्या में बहनों ने राखी बांधकर जो स्नेह और आशीर्वाद दिया है, वह मेरे लिए बेहद भावुक और यादगार क्षण है। बहनों के सम्मान और सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर रहना ही इस रिश्ते का सच्चा सम्मान है। पूर्व डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि रक्षाबंधन सिर्फ राखी बांधने का पर्व नहीं, बल्कि बहनों के प्रति सम्मान, सुरक्षा और जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लेने का दिन है। इतनी बड़ी संख्या में बहनों का स्नेह और आशीर्वाद मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। हम सभी को समाज में महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के लिए मिलकर काम करना चाहिए। कार्यक्रम में महिलाओं ने रक्षाबंधन के महत्व पर अपने विचार भी रखे। आयोजन के माध्यम से सामाजिक सौहार्द, महिला सम्मान और भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम एवं विश्वास का संदेश दिया गया। वहीं संस्था के अध्यक्ष राखी अग्रवाल ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र प्रेम, विश्वास और स्नेह का पर्व है। आज मेयर गणेश पासवान और पूर्व डिप्टी मेयर मोहन श्रीवास्तव की कलाई पर राखी बांधकर हम सभी बहनों को बेहद खुशी हुई। दोनों जनप्रतिनिधियों से हम उम्मीद करते हैं कि वे महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के साथ-साथ शहर के विकास के लिए भी पूरी निष्ठा से काम करते रहेंगे। गयाजी शहर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने में उनका योगदान निरंतर बना रहे, यही हमारी कामना है। रक्षाबंधन के इस पवित्र अवसर पर हम बहनों की ओर से उन्हें स्नेह और आशीर्वाद देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना करते हैं। मौके पर कार्यक्रम के संस्था के अध्यक्ष राखी अग्रवाल, सचिव ममता कुमारी, कोषाध्यक्ष अनुराधा वर्णवाल, वार्ड पार्षद सारिका वर्मा, भारती प्रियदर्शिनी, समाजसेवी रीता कुमारी सहित अन्य मौजूद थे।