जहानाबाद(गौरव गुंजन)। फूड एंड सेफ्टी विभाग के कमिश्नर सह सचिव कुमार रवि के निर्देश पर पटना से आयी खाद्य सुरक्षा विभाग की चार टीमों ने जहानाबाद में मिठाई के चार कारखानों पर छापेमारी की और करीब 5000 किलो नकली मिठाई जब्त की। इन कारखानों में गंदगी और अस्वच्छ माहौल के बीच नकली और महीनों पुराने खोया और छेना से केमिकल युक्त मिठाइयों का निर्माण हो रहा था।
- फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम ने मौके से मिठाइयों को जब्त कर लिया।
- मिठाइयों के नमूने जांच के लिए लैब में भेजे जा रहे हैं।
- राजा बाजार स्थित प्रिंस स्वीट का लाइसेंस रद्द किया जा रहा है।
- जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
- मिठाइयों में कीड़े मिलने और आर्टिफिशियल सामग्री के उपयोग की बात सामने आयी है।
महत्वपूर्ण निर्देश: नकली मिठाइयों के सेवन से स्वास्थ्य को गंभीर नुकसान हो सकता है।
अधिकारियों के अनुसार, कारखानों में शुद्ध दूध के खोया और पनीर की जगह आर्टिफिशियल खोया, छेना और केमिकल का इस्तेमाल कर मिठाइयों का निर्माण किया जा रहा था। छापेमारी के दौरान मिठाई बनाने में इस्तेमाल होने वाला पाउडर दूध, पुराना और नकली खोया तथा कई प्रकार के केमिकल बरामद किये गये। अधिकारियों का कहना है कि ऐसी मिठाइयों के सेवन से स्वास्थ्य खराब होने की आशंका है।
छापेमारी के दौरान मिठाई के डिब्बों पर निर्माण और एक्सपायरी की तारीख भी अंकित नहीं थी। अनहाइजीनिक माहौल में मिठाइयों का निर्माण किया जा रहा था और कुछ कारखानों में कानपुर की एक कंपनी के नाम से भी मिठाइयां बनायी जा रही थीं।
इस कार्रवाई से नकली मिठाई बनाने और बेचने वाले कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीमें पूरे मामले की जांच कर रही हैं और जांच रिपोर्ट में गड़बड़ी की पुष्टि होने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जायेगी।
Continue With Google
Comments (0)