गया लाइव डेस्क। छठ महापर्व के अवसर पर श्री रामानुज मठ, देवघाट की ओर से एक अनूठी सेवा और सहयोग की पहल की गई। नहाय-खाय के पावन अवसर पर सूर्यकुंड परिसर में छठ व्रतियों के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन महंत स्वामी वेंकटेश प्रपन्नाचार्य जी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें लगभग 150 व्रतियों को पूजन सामग्री प्रदान की गई।

  • गया के नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव (आईपीएस) ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
  • अधिवक्ता उमेश सिंह, डॉ. कौशलेंद्र प्रताप सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
  • महंत स्वामी वेंकटेश प्रपन्नाचार्य ने छठ पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला।
  • धार्मिक संस्थाओं पर समाज सेवा का भी जिम्मा होता है, ये संदेश दिया गया।

धर्म के साथ मानव सेवा भी जरूरी: महंत वेंकटेश

महंत स्वामी वेंकटेश प्रपन्नाचार्य जी ने सभी छठ व्रतियों और गया वासियों को महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ पर्व भारतीय संस्कृति, लोक आस्था, पवित्रता, संयम और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता का अनुपम प्रतीक है। धार्मिक संस्थाओं का दायित्व केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों की सेवा और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देना भी धर्म का महत्वपूर्ण हिस्सा है।

नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव ने श्री रामानुज मठ की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सेवा, सहयोग, समरसता और मानवीय संवेदना की भावना को मजबूत करते हैं। महंत स्वामी वेंकटेश प्रपन्नाचार्य जी के सेवा-संकल्प की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि छठ जैसे महान लोक आस्था के पर्व पर व्रतियों की सहायता करना अत्यंत पुण्य और सराहनीय कार्य है।

कार्यक्रम के अंत में महंत स्वामी वेंकटेश प्रपन्नाचार्य जी ने नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव सहित सभी अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया तथा भगवान सूर्य एवं छठी मैया से गया वासियों के सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।