गया लाइव डेस्क। कार्तिक छठ पूजा-2026 को लेकर गया और बोधगया में यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। छठ घाटों पर व्रतियों और श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के परिचालन में बदलाव किया गया है। प्रशासन ने अलग-अलग घाटों के लिए पार्किंग स्थल, पैदल मार्ग, एकल मार्ग और नो-एंट्री प्वाइंट निर्धारित किए हैं। संध्या अर्घ्य 15 नवंबर और उषा अर्घ्य 16 नवंबर को दिया जाएगा। गया शहर में विशेष यातायात व्यवस्था 15 नवंबर दोपहर 12 बजे से 16 नवंबर दोपहर 12 बजे तक लागू रहेगी। इस दौरान सभी बड़े वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
बाहर से आने वाले बड़े वाहनों के लिए नो-एंट्री
चाकंद मार्ग से आने वाले बड़े वाहन गया-पटना पथ पर कंडी नवादा के पास रोके जाएंगे। डोभी की ओर से आने वाले वाहन मगध विश्वविद्यालय थाना से पहले और चेरकी की ओर से आने वाले वाहन चेरकी थाना से पहले रुकेंगे। नवादा मार्ग के वाहन भिंडस मोड़ तथा मुफस्सिल मार्ग के वाहन मानपुर स्थित मेहता पेट्रोल पंप के पास रोके जाएंगे। फतेहपुर मार्ग के वाहन भुसुंडा मोड़ बाईपास, खिजरसराय मार्ग के वाहन बुनियादगंज बाईपास पुल और टिकारी-पंचानपुर मार्ग के वाहन डेल्हा थाना से पहले रोक दिए जाएंगे।
शहर के प्रमुख रास्तों पर वाहनों का प्रवेश बंद
जीबी रोड पर सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन प्रतिबंधित रहेगा। चांदचौरा पूर्वी और बंगाली आश्रम से विष्णुपद की ओर वाहनों का प्रवेश नहीं होगा। बाटा मोड़ से टिकारी रोड पर दोपहिया वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। कोयरीबाड़ी मोड़ से विष्णुपद जाने वाले वाहन जिला स्कूल या धर्मसभा भवन में पार्क करेंगे। नारायणी पुल से विष्णुपद थाना की ओर वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। यहां आने वाले वाहन बाईपास पुल के पास पार्क होंगे। मुफस्सिल मोड़ से किरानी घाट तक केवल श्रद्धालुओं को प्रवेश मिलेगा।
केन्दुई घाट और पॉलिटेक्निक के लिए अलग रूट
केन्दुई घाट जाने वाले वाहनों को सिकड़िया मोड़ से गेट नंबर-05, पहाड़पुर और घुघड़ीटांड़ बाईपास होते हुए एकल मार्ग से भेजा जाएगा। वापसी में वाहन राजापुर मोड़, नोड-02, नोड-01 और दोमुहान होते हुए सिकड़िया मोड़ पहुंचेंगे। पॉलिटेक्निक कॉलेज जाने वाले वाहन गेवाल बिगहा मोड़, शहमीर तकिया मोड़, मंगलागौरी मोड़, माड़नपुर मोड़ और घुघड़ीटांड़ बाईपास होकर जाएंगे।
कई घाटों तक पैदल पहुंचेंगे श्रद्धालु
चांदचौरा से सूर्यकुंड और बंगाली आश्रम से विष्णुपद तक वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। श्रद्धालुओं को पैदल जाना होगा। केन्दुई घाट जाने वाले अपने वाहन केन्दुई मैदान में पार्क करेंगे। पितामहेश्वर घाट के लिए जिला स्कूल और धर्मसभा भवन परिसर में पार्किंग होगी। रमना रोड से आने वाले श्रद्धालु मित्तल मोजेक से सीधे घाट जाएंगे और वापसी में परम ज्ञान निकेतन होकर लौटेंगे। रामशिला घाट जाने वाले कुष्ठ अस्पताल परिसर में वाहन खड़े करेंगे।
घाटों के पास बनाए गए पार्किंग स्थल
केन्दुई घाट के लिए केन्दुई मैदान, पॉलिटेक्निक कॉलेज, आईटीआई परिसर, मानव भारती स्कूल मैदान और श्रम संसाधन विभाग परिसर में पार्किंग होगी। झारखंडी घाट के लिए पॉलिटेक्निक और आईटीआई परिसर, पितामहेश्वर घाट के लिए जिला स्कूल मैदान और धर्मसभा भवन निर्धारित हैं। रामशिला घाट के लिए कुष्ठ अस्पताल परिसर तथा पंचायती अखाड़ा रेल अंडरपास के पूर्वी हिस्से में पार्किंग होगी। मानपुर के सूर्य पोखर घाट के पास, सूर्यकुंड और देवघाट के लिए कॉलरा अस्पताल मैदान एवं बीपीएनएल भवन के खाली मैदान में वाहन पार्क किए जाएंगे। सीताकुंड के लिए पंचदेव धाम का मैदान और भुसुंडा के पीछे सीटी पब्लिक स्कूल की ओर बाईपास किनारे जगह तय की गई है। सिंगरास्थान के लिए पुलिस लाइन के पास पार्किंग होगी।
प्रमुख स्थानों पर होगी बैरिकेडिंग
यातायात नियंत्रण के लिए चांदचौरा पूर्वी, मित्तल मोजेक, पीर मंसूर, जिला स्कूल गेट, पितामहेश्वर मुख्य द्वार, केन्दुई सूर्य मंदिर घाट के प्रवेश और निकास द्वार, किरानी घाट प्रवेश द्वार तथा मुफस्सिल मोड़ पर ड्रॉप गेट बनाए जाएंगे।
बोधगया में भी बदली रहेगी यातायात व्यवस्था
15 से 16 नवंबर तक मोहनपुर की ओर से आने वाले वाहनों का परिचालन महामाया होटल के बाद प्रतिबंधित रहेगा। गया, डोभी और चेरकी की ओर से दोमुहान होकर बोधगया शहर में वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। छठव्रती और श्रद्धालु राजापुर पुल के पास निर्धारित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़े कर पैदल घाट तक जाएंगे।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि घर से निकलने से पहले निर्धारित रूट और पार्किंग की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। यातायात नियमों और पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि छठ पर्व के दौरान आवागमन सुचारू और सुरक्षित बना रहे।
Continue With Google
Comments (0)