गया लाइव डेस्क। समाहरणालय में आयोजित ‘कॉफी विद डीएम’ कार्यक्रम का चौथा सत्र युवाओं के विचारों और जमीनी समस्याओं पर सार्थक चर्चा का मंच बना। यहां पांच मेधावी छात्र-छात्राओं ने जिलाधिकारी शशांक शुभंकर के सामने जिले की समस्याओं की तस्वीर रखी और उनके समाधान का व्यावहारिक रोडमैप भी सुझाया। किसी ने जलजमाव और नालों की बदहाली पर सवाल उठाया तो किसी ने सरकारी स्कूलों में आधुनिक सुविधाओं की कमी और अवैध बालू खनन का मुद्दा उठाया। महिला शौचालय, शहर की स्वच्छता, ग्रामीण सड़कों और पितृपक्ष मेला प्रबंधन को लेकर भी सुझाव दिए गए।
युवाओं की नजर में विकसित गयाजी की तस्वीर
गया कॉलेज की छात्रा सृष्टि रॉय ने जलजमाव से निजात के लिए वैज्ञानिक जलनिकासी व्यवस्था और नालों के नियमित रखरखाव का सुझाव दिया। डीएवी पब्लिक स्कूल की सोमी सिंह ने सरकारी विद्यालयों में डिजिटल सुविधाएं, आधुनिक लैब और पुस्तकालय विकसित करने के साथ अवैध बालू खनन पर सख्ती की मांग रखी।
टिकारी की सान्या सिंह ने महिलाओं के लिए स्वच्छ और सुरक्षित सार्वजनिक शौचालयों की कमी को गंभीर समस्या बताया। उन्होंने शौचालयों में पानी, रोशनी और सैनिटरी पैड की सुविधा के साथ नियमित सफाई सुनिश्चित करने का सुझाव दिया।
ज्ञान भारती वर्ल्ड स्कूल के शशि शर्मा ने खुले में कचरा फेंकने, गंदगी और नालों से निकली गाद सड़कों पर छोड़ने की समस्या उठाई। उन्होंने जुर्माना, सीसीटीवी निगरानी और समय पर कचरा उठाव की व्यवस्था पर जोर दिया। वहीं, सीयूएसबी के छात्र ऋतु राज ने ग्रामीण सड़कों की मरम्मत, गुणवत्ता जांच और पितृपक्ष मेले में बेहतर भीड़ प्रबंधन का सुझाव दिया।
डीएम बोले- युवाओं के सुझावों पर होगी विभागीय समीक्षा
जिलाधिकारी शशांक शुभंकर ने पांचों प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, अध्ययनशीलता और सामाजिक सरोकारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं द्वारा उठाए गए मुद्दे महत्वपूर्ण हैं। महिला शौचालय, नालों की गाद का निस्तारण, सड़क मरम्मत, स्वच्छता और मेला प्रबंधन से जुड़े सुझावों की संबंधित विभागों के साथ समीक्षा कर कार्ययोजना में शामिल करने की दिशा में पहल की जाएगी।
उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपनी सकारात्मक सोच, रचनात्मक सुझावों और सामाजिक भागीदारी से जिले के विकास में योगदान देते रहें।
Continue With Google
Comments (0)